न्यूज़ डेस्क, वैशाली। बिहार अग्निशमन सप्ताह (14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026) के अवसर पर जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमति वर्षा सिंह(भा.प्र.से.) के निर्देश पर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी एवं अग्निशमन कर्मियों द्वारा हाजीपुर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस क्रम में सेंट जॉर्जिया स्कूल, हाजीपुर एवं माना रामेश्वर उच्च माध्यमिक विद्यालय, चांदी (हाजीपुर) में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक संचालन किया गया तथा छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच पंपलेट का वितरण किया गया।
इस दौरान अग्निशमन कर्मियों द्वारा आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों, प्राथमिक प्रतिक्रिया (First Response) तथा सुरक्षित निकासी (Emergency Exit) के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। मॉक ड्रिल के माध्यम से उपस्थित लोगों को यह बताया गया कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय किस प्रकार संयमपूर्वक एवं व्यवस्थित ढंग से कार्य करते हुए स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
ज्ञात हो कि बिहार में प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक “अग्निशमन सप्ताह” मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करना तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी प्रदान करना है। 14 अप्रैल को “राष्ट्रीय अग्निशमन दिवस” के रूप में मनाया जाता है, जो अग्निशमन सेवा के उन वीर जवानों की स्मृति को समर्पित है, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपनी जान की आहुति दी थी।
अग्निशमन सप्ताह के अंतर्गत राज्य भर में बिहार अग्निशमन सेवा द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी एवं निजी कार्यालयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें मॉक ड्रिल, रैली, अग्नि सुरक्षा प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण सत्र शामिल हैं, जिनके माध्यम से आमजन को आपदा के समय सही एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने का अभ्यास कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि घरेलू गैस सिलेंडर, विद्युत उपकरणों एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थों का सावधानीपूर्वक उपयोग एवं समय-समय पर उनकी जांच अत्यंत आवश्यक है। थोड़ी सी सतर्कता बरतकर बड़ी अग्नि दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
अग्नि दुर्घटना की स्थिति में आमजन से अपील की गई कि वे घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल अग्निशमन सेवा को डायल 101 या 112 पर सूचना दें और सुरक्षित स्थान की ओर प्रस्थान करें। साथ ही अपने आसपास उपलब्ध आपातकालीन निकास मार्गों की जानकारी रखना भी अत्यंत आवश्यक बताया गया।
जिला पदाधिकारी, वैशाली, ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि घर, विद्यालय एवं कार्यस्थलों पर अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें, गैस सिलेंडर एवं विद्युत उपकरणों का नियमित निरीक्षण कराएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्परता एवं सूझबूझ से कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि जागरूकता ही अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है, इसलिए सभी लोग स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
