न्यूज़ डेस्क, वैशाली। वैशाली जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों के लिए एक प्रेरणादायी संदेश-पत्र प्रदर्शित किया गया है। यह पहल जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देश पर की गई है, जिसका उद्देश्य विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षकों के दायित्वबोध को और अधिक सुदृढ़ करना है।
संदेश-पत्र में शिक्षकों से अपील की गई है कि वे कक्षा में प्रवेश करने से पूर्व ठहरकर यह विचार करें कि उन्हें किसे पढ़ाना है, क्या पढ़ाना है, क्यों पढ़ाना है, कितना पढ़ाना है और किस प्रकार पढ़ाना है। इसके साथ ही कक्षा समाप्त होने के बाद आत्ममूल्यांकन करते हुए यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है कि बच्चों को पढ़ाई में आनंद आया या नहीं, क्या उनमें सीखने के प्रति रुचि और प्रेरणा उत्पन्न हुई, क्या उनका मूल्यांकन किया गया तथा क्या गृहकार्य दिया गया। क्या बच्चों को पढ़ाने का उद्देश्य पूर्ण हुआ।
जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। यदि प्रत्येक शिक्षक कक्षा में जाने से पहले अपनी शिक्षण योजना पर गंभीरता से विचार करें और कक्षा से लौटने के बाद आत्ममंथन करें, तो बच्चों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार संभव है। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल पाठ्यक्रम की जानकारी देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनमें जिज्ञासा, आत्मविश्वास, नवाचार की भावना तथा स्वयं सीखने की क्षमता विकसित करना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में लगाए गए ये संदेश-पत्र शिक्षकों को प्रतिदिन अपने दायित्वों की याद दिलाएंगे और उन्हें अधिक प्रभावी, संवेदनशील तथा परिणामोन्मुख शिक्षण के लिए प्रेरित करेंगे। इससे विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण और अधिक सशक्त होगा तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लक्ष्य को नई गति मिलेगी।
जिला पदाधिकारी महोदया द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता में सतत सुधार हेतु विभिन्न नवाचारों और प्रेरणादायी पहलों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह पहल भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे शिक्षक और विद्यार्थी दोनों को सकारात्मक एवं प्रेरक शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा।
