न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी, वैशाली वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के प्रभावी नेतृत्व, सतत मॉनिटरिंग एवं जमीनी स्तर पर सक्रिय अनुश्रवण के कारण वैशाली जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत संचालित मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य तेज़ गति से आगे बढ़ रहा है। जिला प्रशासन की सक्रियता एवं डीएम के सीधे पर्यवेक्षण के कारण पूरे जिले में जनगणना अभियान को लेकर व्यापक जागरूकता एवं उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
जिला पदाधिकारी स्वयं लगातार विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों का भ्रमण कर कार्यों की समीक्षा कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रत्येक परिवार की जानकारी पूरी शुद्धता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ दर्ज की जाए, ताकि भविष्य की विकास योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।
डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश और समाज के भविष्य की विकास रूपरेखा तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, रोजगार एवं सामाजिक कल्याण जैसी योजनाओं की प्रभावी योजना एवं संसाधनों के सही वितरण में जनगणना की अहम भूमिका होती है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि “आपके घर की सही जानकारी ही आपके क्षेत्र के बेहतर विकास का आधार बनेगी। जनगणना में दिया गया प्रत्येक तथ्य आने वाले वर्षों की नीतियों एवं योजनाओं को दिशा देगा।”
जिले के सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजर अपने-अपने निर्धारित हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) में घर-घर जाकर सूचनाओं का संकलन कर रहे हैं। वहीं पर्यवेक्षकों द्वारा नियमित समीक्षा एवं सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हो।
जिला प्रशासन द्वारा जनगणना 2027 के सफल, सटीक एवं समयबद्ध संचालन हेतु सभी आवश्यक प्रशासनिक सहयोग, तकनीकी सहायता एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। डीएम वैशाली के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान जिले में सुशासन, जवाबदेही एवं विकासोन्मुख प्रशासन की मजबूत प्रतिबद्धता को भी दर्शा रहा है।
