वाणीश्री न्यूज़, बिदुपुर। बीते दिनों आई तेज आंधी और खराब मौसम ने बिदुपुर क्षेत्र में किसानों की कमर तोड़ दी है। खासकर केला की खेती को भारी नुकसान पहुंचा है। तेज हवा के कारण बड़ी संख्या में केले के पेड़ गिर गए, जिससे किसानों को लाखों रुपये की क्षति होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय किसानों का कहना है कि उन्होंने काफी मेहनत से केला की खेती की थी, लेकिन अचानक आई आंधी ने उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में गिरे केले के पेड़ों को देखकर किसान काफी दुखी और चिंतित नजर आ रहे हैं।
इस मामले को लेकर बिदुपुर भाजपा पश्चिमी मंडल उपाध्यक्ष सह बिदुपुर आत्मा सदस्य नलिनी भारद्वाज ने प्रशासन से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और सरकार को तुरंत सर्वे कराकर राहत राशि उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि कृषि विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करे तथा किसानों को उचित सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे दोबारा खेती कर सकें। ग्रामीणों और किसानों ने भी सरकार से जल्द राहत देने की अपील की है।
