न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह(भा.प्र.से.)के निर्देश के आलोक में जिले के औद्योगिक क्षेत्र महनार एवं महुआ में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु परिवहन विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों एवं ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 68 चालान किए गए, जिसके माध्यम से ₹3,00,500 (तीन लाख पाँच सौ रुपये) की शमन राशि वसूली गई।
इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी, अपर जिला परिवहन पदाधिकारी, राकेश कुमार (मोटरयान निरीक्षक), श्री रविकांत कुमार (मोटरयान निरीक्षक), श्री विकास शर्मा (मोटरयान निरीक्षक), श्रीमती प्रिया कुमारी (मोटरयान निरीक्षक), श्री अनीश कुमार (प्रवर्तन अवर निरीक्षक) तथा श्री करण सिंह (प्रवर्तन अवर निरीक्षक) शामिल रहे, जिनके द्वारा समन्वित रूप से कार्रवाई की गई।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, ओवरलोड वाहन चलाने वाले तथा सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित क्षमता से अधिक भार न ढोएं तथा अपने वाहनों को सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ा न करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों के पालन से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और आमजन को जाम की समस्या से राहत मिल सकती है।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी बताया गया कि इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे, ताकि जिले में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाया जा सके।
