न्यूज़ डेस्क, महनार। नगर परिषद क्षेत्र स्थित राजकीय मध्य विद्यालय महनार (बालक) के मेधावी छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। विद्यालय के विद्यार्थियों ने निजी विद्यालयों से भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है।
स्टेट लेवल नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा 2026 के घोषित परिणाम में विद्यालय के आधा दर्जन से अधिक छात्रों ने सफलता हासिल कर विद्यालय, अपने परिवार एवं पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि से विद्यालय में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार सिंह ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम कुशल प्रबंधन, योग्य शिक्षकों द्वारा कराई गई नियमित तैयारी और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों के छात्र भी किसी मायने में निजी विद्यालयों के छात्रों से कम नहीं हैं।
सफल छात्र-छात्राओं में सोनाली कुमारी (पिता: जितेंद्र शर्मा), राजनंदनी कुमारी (पिता: संतोष सिंह), शिवानी कुमारी (पिता: रणजीत राम), अनुष्का कुमारी (पिता: राज कपूर शर्मा), आयशा आजाद (पिता: मोहम्मद आजाद), रौशन कुमार (पिता: हरिलाल राम), सुहानी कुमारी (पिता: राजीव शर्मा), सूर्य प्रकाश (पिता: ईश्वर चंद्र प्रसाद सिन्हा) एवं साइका प्रवीण (पिता: मोहम्मद अमानुल्लाह) शामिल हैं।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के वर्तमान एवं पूर्व शिक्षकों ने खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह परिणाम एक बार फिर यह संदेश देता है कि यदि छोटे स्थानों के बच्चों को उचित मार्गदर्शन, अच्छा माहौल और संस्कार मिले, तो वे भी मेहनत के दम पर सफलता के शिखर तक पहुंच सकते हैं।
