न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह(भा.प्र.से.)की अध्यक्षता में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल हाजीपुर/महुआ, ट्रांसमिशन हाजीपुर के अभियंता एवं सभी सहायक विद्युत अभियंता (आपूर्ति) उपस्थित रहे। डीएम ने साफ शब्दों में कहा कि आम जनता को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि फीडर स्तर पर होने वाली लोड शेडिंग की सूचना समय रहते समाचार पत्रों और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और सूचना का त्वरित संप्रेषण जनसंतोष के लिए अत्यंत आवश्यक है।
डीएम ने नए बन रहे ट्रांसमिशन लाइन, ग्रिड सब-स्टेशन और पावर सब-स्टेशन के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सहायक एवं कनीय अभियंता इन परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट फोटो सहित व्हाट्सएप ग्रुप एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नियमित रूप से अपडेट करें, ताकि कार्यों की पारदर्शिता और गति सुनिश्चित की जा सके।
जिले में जले या खराब ट्रांसफार्मरों को लेकर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर इन्हें हर हाल में बदलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर खराब रहने से आमजन को होने वाली परेशानी किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष बल दिया गया। डीएम ने पंचायत स्तर पर विशेष कैम्प आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। साथ ही औद्योगिक उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु बियाडा टीम के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
फ्यूज कॉल से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हाजीपुर स्तर पर संचालित फ्यूज कॉल सेंटर (मोबाइल नंबर: 9939494732) की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि उपभोक्ताओं को त्वरित सहायता मिल सके।
अंत में डीएम ने स्पष्ट किया कि विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और सभी अधिकारियों को जनहित में संवेदनशील एवं जवाबदेह होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
