न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह(भा.प्र.से.)के निर्देश के आलोक में हाजीपुर शहर के ऐतिहासिक कौनहारा घाट पर आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही वाटर मेट्रो सेवा प्रारंभ किए जाने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी गई है। यह सेवा प्रारंभ होने से हाजीपुर एवं पटना के बीच आवागमन करने वाले लोगों को जाम से मुक्ति मिलने की उम्मीद है।
इसी क्रम में भारतीय अंतर्देशीय जल मार्ग प्राधिकरण (IWAI) द्वारा गंगा एवं गंडक नदी के किनारे कम्युनिटी जेट्टी के संचालन हेतु संभावित स्थलों का चयन किया जा रहा है। इस संबंध में अपर समाहर्ता, वैशाली श्री संजय कुमार के नेतृत्व में तथा अनुमंडल पदाधिकारी, हाजीपुर श्री रामबाबू बैठा की उपस्थिति में कौनहारा घाट के आसपास विभिन्न स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जेट्टी संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का गहनता से मूल्यांकन किया गया। इसमें यातायात की सुगमता, यात्री सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, जल टर्मिनल के रूप में आवश्यक संरचनाएं, पार्किंग, प्रतीक्षालय तथा अन्य लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर बल दिया कि प्रस्तावित स्थल आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक, सुरक्षित एवं सुगम हो।
इस अवसर पर राजस्व प्रभारी पदाधिकारी श्री चंदन कुमार, नगर परिषद हाजीपुर के कार्यपालक पदाधिकारी श्री सुशील कुमार, कनीय अभियंता, अमीन सहित नगर परिषद हाजीपुर की पूरी टीम उपस्थित रही और तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर आवश्यक सुझाव दिए।
उल्लेखनीय है कि वाटर मेट्रो सेवा प्रारंभ होने से पटना से हाजीपुर तथा हाजीपुर से पटना आने-जाने वाले कामकाजी लोगों, सरकारी कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों को तेज, सुगम एवं जाम-मुक्त आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही सब्जी, दूध एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में भी गति आएगी, जिससे स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
जिला पदाधिकारी वैशाली ने कहा कि इस परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जा रहा है, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इस आधुनिक एवं सुविधाजनक परिवहन सेवा का लाभ मिल सके।
